रायपुर : नौतपा के 6वें दिन भी छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी रहेगी। मौसम विभाग के मुताबिक आज प्रदेश के अधिकतम तापमान में बदलाव नहीं होगा। रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में हीट वेव और रात के समय भी तापमान ज्यादा रहेगा। बुधवार को रायगढ़ 46.7 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। रायपुर (माना) में 45.7 और बलरामपुर में 45.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
बुधवार से प्रदेश के ज्यादातर जिलों में शाम 7 बजे के बाद भी गर्म हवाएं चल रही हैं। आसमान में कुछ जगहों पर बादल भी छाए हुए हैं। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में रात का तापमान 31 डिग्री के पार रहा। जिससे गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे। वहीं, ओवरहीट की वजह से बिलासपुर में अलायंस एयर ने फ्लाइट पर लगेज ले जाने पर रोक लगा दी है।
22 जिलों में हीटवेव और रात तापमान रहेगा ज्यादा
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा मरवाही, कोरबा, मुंगेली, जांजगीर, सक्ती, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, राजनन्दगाँव, खैरागढ़- छुईखदान-गंडई, मोहाला मानपुर-आम्बागढ़ चौकी, रायपुर, बलोदाबाजार-भांटापारा, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा एवं कबीरधाम जिलों में एक-दो जगहों पर हीट वेव और रात का तापमान गर्म रहने की चेतावनी के साथ यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम केंद्र के अनुसार, 31 मई तक तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं हैं। मौसम विभाग ने आज के लिए भी हीटवेव का अलर्ट जारी किया हैं। बात संभागो की करें तो रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग में लू के हालात बने रहेंगे। हालाँकि 31 मई के बाद प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की सम्भावना हैं। आज भी प्रदेश का औसत तापमान 42 से अधिक रहेगा।
बस्तर संभाग में बीजापुर सबसे गर्म
बुधवार को बस्तर संभाग में सबसे गर्म बीजापुर रहा। यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। वहीं, सबसे कम टेंपरेचर बस्तर जिले में 39.6 डिग्री दर्ज हुआ है। कांकेर जिले में तापमान 41.5 डिग्री, दंतेवाड़ा में 41.4 डिग्री रहा।
बलरामपुर में गर्मी-लू से बुखार के मरीज बढ़े
बलरामपुर जिले में 45 डिग्री तापमान के बीच अस्पतालों में बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। यहां गर्मी और उमस के चलते लोगों को सिर में भारीपन और दर्द की शिकायत हो रही है। जिसके चलते ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
सरगुजा संभाग भी गर्म
सरगुजा संभाग में सबसे गर्म बलरामपुर रहा। यहां दिन का पारा 45.6 डिग्री रहा। सरगुजा जिले में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री को छू गया। तापमान सामान्य से ज्यादा होने के कारण शहर से लेकर ग्रामीण और पहाड़ी इलाके लू की चपेट में हैं।