रायपुर। कार्यकर्ता ही सब कुछ है, कार्यकर्ताओं की वजह से ही हम विधायक, सांसद बनते हैं। मुझे यहां तक पहुंचाने वाले भी कार्यकर्ता ही हैं। हर घर तक जाके एक-एक मतदाता से संपर्क कर जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों को अवगत कराके वही जिताते हैं। इस लोकसभा चुनाव प्रचार के दरमियान भीषण गर्मी में जिस तरह से कार्यकर्ताओं ने अपना पसीना बहाया है उनका यही समर्पण प्रदेश में सभी ग्यारह सीटें जिताएगा। मतदाताओं ने मोदी जी का कामकाज देखा है, हमें भी परखा है। यह कहना है प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का।
एक साक्षात्कार में श्री साय ने कहा कि विनम्रता मेरा स्वभाव है मगर प्रशासन चलाने में यह कभी आड़े नहीं आता क्योंकि दोनों अलग अलग बातें हैं। छत्तीसगढ़ के हित में बड़े और कड़े निर्णय लेने में हम सक्षम हैं और जब जनहित की बात आती है तो कोई भी बख्शा नहीं जाता।
श्री साय ने कहा कि मोदी जी के दस वर्षों के कार्यकाल में हुए विकास कार्य – हर घर बिजली-पानी, फ्री राशन, गैस सिलेंडर, बैंक अकाउंट खुलवाना, शौचालय निर्माण सहित करोड़ों लोगों की भावना से जुड़े भगवान राम मंदिर का निर्माण और दो निशान, दो प्रधान, दो विधान नहीं चलेगा की तर्ज पर धारा 370 हटाना जैसी अनेक उपलब्धियां लोगों के बीच लेकर जा रहे हैं।
छत्तीसगढ़ में भी जबसे हमारी सरकार बनी है, मोदी की गारंटी पर रॉकेट की गति से सांय-सांय काम हो रहे है जिसे जनता समझ रही है।
दुसरे प्रदेशों में लगातार सभाओं के प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश, तेलंगाना, झारखंड, उड़ीसा में प्रचार करने गया हूं जहां पूरा वातावरण भाजपा के पक्ष में हैं और “400 पार” का हमारा “संकल्प” साकार होता दिखाई दे रहा है।