Election Update : छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए अचार संहिता लागू कर दिया गया है, ऐसे में राजनैतिक पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मतभेद के चलते दूसरी पार्टियों में प्रवेश कर रहे हैं। इसी कड़ी में सूरजपुर जिले के जनपद अध्यक्ष जगलाल सिंह देहाती ने कांग्रेस छोड़कर अपने कार्यकर्ताओं के साथ जोगी जनता कांग्रेस में प्रवेश किया। इस दौरान पार्टी के सुप्रीमों अमित जोगी ने पार्टी के चुनाव चिन्ह का गमछा भेंट कर उनका स्वागत किया। साथ ही भाजपा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।
सुप्रीमों अमित जोगी
जोगी जनता कांग्रेस के सुप्रीमों अमित जोगी का कहना है कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों द्वारा दिल्ली के केंद्रीय नेतृत्व के आधार पर प्रत्याशियों का चयन किया जा रहा है। इसके चलते पार्टी के लिए सालो से समर्पण भाव लेकर काम कर रहे कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर दिया जा रहा है।
भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच मतभेद पर निशाना
उन्होंने भाजपा और कांग्रेस में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच चल रहे मतभेद पर निशाना साधते हुए कहा कि अभी तो बांध में केवल छेड़ हुआ है, जल्द ही बाढ़ भी आने वाली है। जोगी जनता कांग्रेस में प्रवेश करने वाले सभी कार्यकर्ताओं को अवसर के साथ सम्मान दिया जाता है, इसलिए लोग पार्टी छोड़कर जोगी कांग्रेस का दामन थाम रहे है। उन्होंने कहा कि जनता ने नेता को बहुत मौका दे दिया, इस बार बेटा को जनता चुनना चाहती है।