MOTIVATION : प्रियंका चोपड़ा ने बचपन से ही रंगभेद और भद्दे कमेंट का किया सामना…….

MOTIVATION : ग्लोबल आइकन प्रियंका चोपड़ा आज 41 साल की हो चुकी हैं। 18 जुलाई 1982 को जमशेदपुर में जन्मीं प्रियंका सावली रंग वाली एक आम लड़की हुआ करती थीं, जिसके कारण बचपन से ही प्रियंका को उनके सवाले रंग पर कमेंट, और रंगो को लेकर काफी कुछ चीजों का भी सामना करना पड़ा था।
प्रियंका को महज 13 साल की उम्र में जब उन्हें अमेरिका पढ़ने भेजा गया तो उन्हें रंगभेद का सामना करना पड़ा। अमेरिकन बच्चों से परेशान होकर प्रियंका बाथरूम में छिपकर लंच करती थीं। जब 3 साल अमेरिका में गुजारने पर उनके रवैये में बदलाव हुआ तो पिता ने घर से निकलने और जींस पहनने पर भी पाबंदी लगा दी।
लेकिन हुनर और लगन ने उन्हें ज्यादा दिनों तक कामयाबी का मोहताज नहीं रहने दिया। महज 18 साल की उम्र में प्रियंका ने मिस वर्ल्ड बन मिसाल कायम की, लेकिन फिल्मों में जगह बनाने के लिए फिर उन्हें डायरेक्टर की गलत डिमांड और भद्दे कमेंट झेलने पड़े। आज वही प्रियंका चोपड़ा सबसे आमिर बॉलीवुड एक्ट्रेसेस में गिनी जाती हैं।
मॉडर्न बनकर भारत लौटीं तो पिता ने लगाई थीं पाबंदियां
17 साल की उम्र में जब प्रियंका चोपड़ा अमेरिका से भारत आईं तो उनके रहन-सहन में बड़ा बदलाव आया। वो मॉडर्न बन चुकी थीं, लेकिन उनके पिता अशोक चोपड़ा को उनका बदला हुआ रवैया रास नहीं आ रहा था। इसी बीच महज 17 साल की उम्र में प्रियंका ने एक लोकल में क्वीन ब्यूटी पेजेंट जीता, जिससे उन्हें शहर भर के लोग जानने लगे थे।
द हावर्ड स्टर्न शो में प्रियंका ने खुलासा किया था कि जब भी वो कहीं जाती थीं, तो लड़के पीछे पड़ जाया करते थे। एक दिन एक लड़का उनका पीछा करते-करते उनकी बालकनी तक पहुंच गया। प्रियंका घबराईं और पिता के पास भाग गईं। इस हादसे के बाद प्रियंका के पिता ने उन्हें जमकर डांट लगाई और पाबंदियां लगानी शुरू कर दीं।
कमरे की खिड़की करवाई बंद, सारे जींस हुए जब्त
पिता ने प्रियंका पर सख्ती बरतते हुए उनके बेडरूम की खिड़की को जाली से पैक करवा दिया और उनकी सारी जींस और वेस्टर्न कपड़े जब्त कर लिए। प्रियंका को घर से अकेले बाहर निकलने की इजाजत नहीं थी, वो जहां भी जाती थीं या तो उनके साथ घर का कोई बड़ा होता था या ड्राइवर। उन्हें सिर्फ सूट पहनने की ही इजाजत थी। बचपन में प्रियंका अपने पिता की सख्ती से काफी निराश हुई थीं।
मां ने भर दिया मिस इंडिया का फॉर्म, घर में मचा बवाल
प्रियंका का ग्लैमरस वर्ल्ड की तरफ झुकाव देखकर एक दिन उनकी मां मधु ने उनका फेमिना मिस इंडिया के लिए फॉर्म भर दिया। जैसे ही ये बात पिता को पता चली तो घर में हंगामा मच गया। पिता ने मां को डांटते हुए कहा था कि जब वो पढ़ाई में अच्छी है तो उसे मिस इंडिया में क्यों भेजना है, उसके दिमाग में अभी से ये सब डालना ठीक नहीं है। कुछ समय बाद मधु ने अशोक को समझाया तो वो भी मान गए, लेकिन अब प्रियंका नर्वस हो चुकी थीं। प्रियंका ने मां से कहा कि वो ये सब नहीं करना चाहतीं न ही वो इसमें कामयाब हो सकेंगी। मधु ने उन्हें बैठाया और कहा कि अगर तुम नहीं भी जीतीं तो पढ़ाई का कोई नुकसान नहीं होगा, तुम दोबारा पढ़ सकती हो, लेकिन ये एक बड़ा मौका है। मां के कहने पर प्रियंका ने मिस इंडिया में हिस्सा लिया और जीत हासिल की। आगे प्रियंका ने मिस वर्ल्ड में भारत को रिप्रेजेंट किया।
मिस वर्ल्ड फिनाले से पहले चेहरा जला, बालों से छिपाया था दाग
मिस वर्ल्ड के बैकस्टेज में करीब 90 लड़कियां फिनाले के लिए तैयार हो रही थीं। प्रियंका ने भी हड़बड़ी में तैयार होना शुरू कर दिया। वो अपने बाल कर्ल कर रही थीं कि तभी अचानक टोके जाने पर उन्होंने हड़बड़ाहट में अपना चेहरा जला लिया। उनके चेहरे में बड़ा सा दाग आ चुका था, जिसे उन्होंने कंसीलर और बालों से ढंका था।
गलत जवाब देकर बनीं थीं मिस इंडिया
फिनाले में प्रियंका चोपड़ा से पूछा गया था कि वो किस जीवित महिला को सबसे कामयाब मानती हैं। जवाब में प्रियंका ने मदर टेरेसा का नाम लिया था, जिनका निधन 3 साल पहले ही हो चुका था, जबकि सवाल जीवित महिला के बारे में पूछा गया था। इसके बावजूद प्रियंका को ताज मिला।

स्टेज पर उतरने लगी थी ड्रेस, ऐसे बचीं

प्रियंका चोपड़ा ने मिस वर्ल्ड के फिनाले में जो ड्रेस पहनी थी वो बेहद भारी थी। उसे शरीर से चिपकाए रखने के लिए प्रियंका चोपड़ा ने बॉडी टेप से उसे चिपकाया था। जब मिस वर्ल्ड 2000 के विजेता के रूप में प्रियंका के नाम की घोषणा हुई तो ये प्रियंका की जिंदगी का सबसे यादगार लम्हा था, लेकिन ये वो लम्हा था जब प्रियंका एक इंटरनेशनल मंच पर शर्मिंदा होने से बाल-बाल बचीं। उनकी ड्रेस धीरे-धीरे नीचे आने लगी, जो फिसलने ही वाली थी, लेकिन उन्होंने इस अंदाज में नमस्ते किया, जिससे उनकी ड्रेस शरीर से चिपकी रहे।
22 साल बाद उठा था जीत पर सवाल, कहा गया मिस वर्ल्ड 2000 फिक्स था
साल 2022 में पूर्व मिस बारबाडोस लीलानी मैककने ने प्रियंका और उनकी जीत पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने यूट्यूब वीडियो में कहा था कि मिस वर्ल्ड 2000 में प्रियंका की जीत पहले ही फिक्स थी। उस साल मिस वर्ल्ड का स्पॉन्सर इंडियन केबल स्टेशन जीटीवी था। हर लड़की के सैश में देश के नाम से पहले जी टीवी का नाम लिखा था। उस समय मिस इंडिया प्रियंका चोपड़ा और दूसरी लड़कियों में बहुत भेदभाव होता था। प्रियंका को उनके होटल रूम में खाना मिलता था, जबकि दूसरी लड़कियों को एक साथ खाना मिलता था।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here