मणिपुर, 26 जून 2023 : मणिपुर में कुकी और मैतेई समुदाय के बीच आरक्षण को लेकर हिंसा थमने का नाम नहीं ले रहा है। यह हिंसा पिछले 53 दिनों से जारी है। इस बीच सुरक्षाबलों और पुलिस ने रविवार को राज्य के 7 जिलों में सर्च ऑपरेशन चलाया। बता दें कि मणिपुर में पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उग्रवादियों के 12 बंकर तबाह कर दिए हैं। यह कार्रवाई बीते 24 घंटे में की गई है। मणिपुर पुलिस ने बयान जारी कर बताया कि राज्य पुलिस और केंद्रीय बलों ने राज्य के तामेंगलोंग, इंफाल पूर्वी, बिशनुपुर, कांगपोकपी, चुराचांदपुर और काकचिंग जिलों में सर्च अभियान चलाया और 12 बंकरों को तबाह कर दिया। यह बंकर पहाड़ी और घाटी के इलाकों में बनाए गए थे।
विस्फोटक बरामद
पुलिस ने बताया कि सर्च अभियान के दौरान 51 एमएम के तीन मोर्टार शेल, 84 एमएम के तीन मोर्टार शेल भी धान के खेतों से बरामद किए गए हैं। एक जगह आईईडी भी बरामद किया गया। बम डिस्पोजल टीम ने मौके पर ही सभी मोर्टार शेल और आईईडी को निष्क्रिय कर दिया। मणिपुर पुलिस ने बताया कि छिटपुट घटनाओं को छोड़कर हालात तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में हैं। पुलिस ने कर्फ्यू के उल्लंघन, सुनसान घरों में चोरी, आगजनी के मामले में 135 लोगों को गिरफ्तार किया है।