CG NEWS: आज रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे भगवान जगन्‍नाथ, सीएम बघेल निभाएंगे छेरापहरा की रस्म

रायपुर, 20 जून 2023 : आज भगवान् जगन्‍नाथ रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे। बता दें कि ज्येष्ठ पूर्णिमा पर 4 जून को स्नान करने से भगवान जगन्नाथ अस्वस्थ हो गए थे। भगवान के अस्वस्थ होने से मंदिरों के पट 15 दिनों से बंद थे। सोमवार को भगवान स्वस्थ हो गए और नेत्र खोलने की परंपरा निभाई गई। मंदिरों में धूमधाम से नेत्रोत्सव मनाया गया। भगवान के नेत्र खोलने के अवसर पर पूजन, आरती कर प्रसाद वितरण किया गया।

रायपुर के इन जगहों में नेत्रोत्सव मनाया गया

पुरानी बस्ती के टुरी हटरी इलाके के प्राचीन मंदिर के अलावा गायत्री नगर, सदरबाजार के मंदिरों में भी नेत्रोत्सव मनाया गया। श्री जगन्नाथ सेवा समिति के प्रमुख पुरंदर मिश्रा ने बताया कि पिछले पूर्णिमा के पश्चात पिछले 15 दिनों में पंचमी, नवमीं, एकादशी और अमावस्या को औषधियुक्त काढ़ा पिलाने की रस्म निभाई गई थी। अब भगवान पूर्ण रूप से स्वस्थ हो चुके हैं। वे अपनी प्रजा को दर्शन देने के लिए 20 जून को रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण करने निकलेंगे।

मंदिरों में रथयात्रा की तैयारी हुई पूरी

मंदिरों में रथयात्रा की तैयारी पूरी कर ली गई है। गायत्री नगर से तीन अलग-अलग रथ पर सवार होकर भगवान जगन्नाथ अपने बड़े भैय्या बलदाऊ और बहन सुभद्रा के साथ प्रजा से मिलने जाएंगे। 10 दिनाें तक भगवान अपनी मौसी के घर विश्राम करेंगे। मूल मंदिर से थोड़ी दूरी पर भगवान के विश्राम करने के लिए व्यवस्था की गई है। नंदी घोष नामक रथ पर भगवान जगन्नाथ, तालध्वज रथ पर बलदाऊ और देवदलन रथ पर बहन सुभद्रा विराजमान होंगी।

मुख्यमंत्री निभाएंगे छेरापहरा की रस्म

गायत्री नगर में रथयात्रा रवाना होने से पहले छेरापहरा की रस्म निभाई जाएगी। छेरापहरा अर्थात सोने से निर्मित झाड़ू से बुहारने की रस्म निभाना। इसे प्राचीन समय में राजा-महाराजा निभाते थे। इस रस्म को निभाने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को आमंत्रित किया गया है। 11 पंडितों के सानिध्य में विशेष पूजा-अर्चना, हवन के पश्चात छेरापहरा की रस्म निभाएंगे।

देवशयनी को लौटेंगे भगवान

मौसी के घर यानी गुंडिचा मंदिर में विश्राम करने के पश्चात 10वें दिन भगवान जगन्नाथ, भैय्या बलदाऊ और बहन सुभद्रा देवशयनी एकादशी के दिन वापस मूल मंदिर में लौटेंगे।

इन मार्गों पर उमड़ेंगे श्रद्धालु

एक रथयात्रा गायत्री नगर से बीटीआइ मैदान तक निकलेगी। दूसरी यात्रा पुरानी बस्ती के टुरी हटरी से लोहार चौक, लिली चौक, पुरानी बस्ती थाना, कंकाली पारा तालाब, ब्राह्मण पारा, आजाद चौक, आमापारा, लाखेनगर तक और तीसरी यात्रा सदरबाजार से कोतवाली चौक, कालीबाड़ी, पुलिस लाइन टिकरापारा पहुंचेगी। इसके अलावा अन्य यात्राएं आमापारा बस्ती से आजाद चौक, ब्राह्मणपारा, कंकाली तालाब, पुरानी बस्ती, लाखेनगर होते आमापारा मुख्य मार्ग पहुंचेगी। एक और यात्रा अश्विनी नगर, लाखेनगर होते हुए सुंदर नगर पहुंचेगी। इसी तरह गुढ़ियारी से नर्मदापारा, स्टेशन रोड, राठौर चौक, रामसागर पारा से वापस गुढ़ियारी पहुंचेगी। कोटा राम मंदिर से ठाकुरपारा, सतनामीपारा, कोटा कॉलोनी, ढीमरपारा, कबीर चौक, विरदी कॉलोनी होते हुए लक्ष्मीनारायण मंदिर पहुंचेगी।

पुराना मंत्रालय की रथयात्रा डीकेएस अस्पताल के पास से बंजारी बाबा दरगाह चौक, नलघर चौक, मधुसूदन दास चौक, कालीबाड़ी, बिजली ऑफिस, व्हाईट हाउस होते हुए मार्डन कॉम्पलेक्स स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर पहुंचेगी। लिली चौक मंदिर की यात्रा नागरीदास मठ से लाखेनगर होते वापस लिली चौक पहुंचेगी। आकाशवाणी कालोनी की यात्रा काली मंदिर, नलघर चौक होते हुए वापस आकाशवाणी पहुंचेगी।