मणिपुर, 13 जून 2023 : मणिपुर में हिंसा रुकने का नाम नहीं ले रहा हैं। 3 मई से जारी कुकी और मैतेई समुदाय के बीच आज भी हिंसा जारी है। बता दें कि कल यानि सोमवार को इम्फाल में संदिग्ध आदिवासियों और नागरिकों के बीच गोलीबारी हुई। इस गोलीबारी में एक कुकी की मौत हो गई। 10 लोग घायल हो गए। हिंसा के चलते राज्य में इंटरनेट पर 15 जून तक बैन बढ़ा दिया गया है।
मैतेई लोगों पर हमले के लिए कुकी ले रहे ड्रोन का सहारा
कुकी समुदाय के लोग मैतेई गांवों और जंगल में छिपे इस समुदाय के लोगों को तलाशने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर रहे हैं। यह खुलासा बिष्णुपुर जिले के फोइगक्चाओ इखाई गांव में ग्रामीणों को ड्रोन मिलने से हुआ है। यह ड्रोन 8 जून को मिला था। ड्रोन में लगे कैमरे में मोइरांग और आसपास के इलाकों के वीडियो फुटेज कैद थे।
100 से ज्यादा लोगों की हो चुकी है मौत
मणिपुर में 42 दिन से जारी हिंसा में अब तक 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। 320 घायल हैं और 47 हजार से ज्यादा लोग 272 राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं। वहीं, 10 जून को राज्य के 11 अफसरों का तबादला कर दिया गया। इनमें IAS और IPS अफसर शामिल हैं। मणिपुर में हिंसा से प्रभावित लोगों के लिए CM एन बीरेन सिंह ने हर संभव मदद का एलान किया। CM ने विस्थापितों को घर देने और बच्चों की शिक्षा का आश्वासन दिया। अफिशल रिकॉर्ड के अनुसार हिंसा के चलते करीब 47,000 लोगों ने घर छोड़ा है। सरकार इन्हें घर मुहैया कराएगी। दो कमरों का घर बनेगा।