मणिपुर, 8 जून 2023 : मणिपुर में 3 मई से लगातार हिंसा हो रही हैं। जिसमे कई लोगो ने अपनी जान गवां दिए हैं। अब इस हिंसा को रोकने के लिए पहाड़ी और घाटी इलाके में सेना का सर्च ऑपरेशन कर रही है। बुधवार को एक जॉइंट कॉम्बिंग ऑपरेशन में सेना के जवानों और पुलिस बल ने 29 हथियार बरामद किए हैं। सेना की स्पीयर कोर विंग ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। बरामद हथियारों में ज्यादातर ऑटोमैटिक हथियार हैं। वहीं कुछ मोर्टार, हैंडग्रेनेड और जंगी सामान भी बरामद किया गया है।
इससे एक दिन पहले, मणिपुर सरकार के सिक्योरिटी एडवाइजर कुलदीप सिंह ने बताया था कि पिछले 24 घंटों के दौरान इंफाल ईस्ट के पोरोमपत और काकचिंग जिले के सुगनू से कुल 57 हथियार, 318 गोला बारूद और पांच बम बरामद किए गए हैं। अब तक कुल 900 हथियार और 11,518 गोला-बारूद बरामद किए जा चुके हैं।
अमित शाह के अपील के बाद 144 हथियार किए गए थे सरेंडर
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 1 जून को प्रेस कॉन्फ्रेंस में लोगों से हथियार सरेंडर करने की अपील की थी। इसके बाद उपद्रवियों ने 144 हथियार और 11 मैगजीन सरेंडर किए थे। इनमें SLR 29, कार्बाइन, AK, इंसास राइफल, इंसास LMG, M16 राइफल जैसी हाईटेक राइफल्स और ग्रेनेड सरेंडर किए गए थे।
मणिपुर के सुरक्षा सलाहकार कुलदीप सिंह ने बताया था कि इंफाल ईस्ट में 102 हथियार और गोला बारूद मिले हैं। टेंग्नौपाल जिले में 35 हथियार सरेंडर किए गए हैं, जिसमें से 18 सिर्फ मोरे में हुए हैं। इंफाल वेस्ट से 2 हथियार, थौबल से 5 हथियार सरेंडर किए गए हैं।