बालासोर, 6 जून 2023 : ओडिशा ट्रेन हादसे की CBI ने जांच शुरु कर दी है। CBI की 10 सदस्यीय टीम ने मंगलवार को घटनास्थल का दौरा किया। रेलवे ने बताया कि सोमवार को तीन घायलों की मौत के बाद ओडिशा ट्रेन दुर्घटना में मरने वालों की आधिकारिक संख्या बढ़कर 278 हो गई. हालांकि, ओडिशा सरकार के आंकड़ों के मुताबिक मृतकों की संख्या अब भी 275 है। खुर्दा रोड मंडल के डीआरएम रिंकेश रे ने बताया कि दो जून को तीन ट्रेनों की आपस में टक्कर के कारण हुई दुर्घटना में 278 लोगों की मौत हुई है और 1100 लोग घायल हुए हैं।
DRM भुवनेश्वर रिंकेश रॉय ने मंगलवार को बताया कि घायल 1100 लोगों में से 900 को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। राज्य के विभिन्न अस्पतालों में करीब 200 लोगों का इलाज चल रहा है। रेलवे ने दुर्घटना में प्रभावित लोगों के परिवारों की मदद के लिए ओडिशा सरकार के साथ मिलकर ऑनलाइन लिंक rcodisha.nic.in, www.bmc.gov.in जारी किए हैं। इनमें मृतकों की तस्वीरें और तमाम अस्पतालों में भर्ती यात्रियों की लिस्ट दी गई है। BMC की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर 1929 पर अब तक 200 से ज्यादा फोन आ चुके हैं। शवों की पहचान कर उन्हें परिजनों को सौंपा जा रहा है।